रायगढ़ में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया क्रिसमस पर्व, गिरजाघरों में आधी रात को केक काटकर मनाया प्रभु यीशु का जन्मोत्सव

रायगढ़। प्रभु यीशु मसीह के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में मनाए जाने वाले क्रिसमस पर्व को लेकर जिलेभर में मसीही समाज में खासा उत्साह देखने को मिला। विगत एक सप्ताह से समाज के लोग पर्व की तैयारियों में जुटे हुए थे। बुधवार को दोपहर तक सभी तैयारियां पूरी कर ली गईं, जिसके बाद शाम होते ही गिरजाघरों में रौनक बढ़ने लगी।

रात करीब 9 बजे से मसीही समाज के लोग बड़ी संख्या में गिरजाघरों में पहुंचने लगे। यहां विशेष प्रार्थना सभाओं का आयोजन किया गया, जिसमें प्रभु यीशु के संदेश—प्रेम, शांति और भाईचारे—को स्मरण किया गया। प्रार्थना सभा के पश्चात समाज के बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिन्होंने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। यह कार्यक्रम देर रात तक चलता रहा।

इसके बाद रात 12 बजे जैसे ही प्रभु यीशु के जन्म का पावन समय आया, सभी गिरजाघरों में केक काटकर जन्मोत्सव मनाया गया। लोगों ने एक-दूसरे को क्रिसमस की शुभकामनाएं दीं और खुशियां साझा कीं। इस दौरान वातावरण “मेरी क्रिसमस” की शुभकामनाओं और उल्लास से गूंज उठा।

शहर के विभिन्न क्षेत्रों में बड़ी संख्या में मसीही समाज के लोग निवास करते हैं, जिसके चलते अलग-अलग स्थानों पर चर्च स्थापित हैं। इन सभी चर्चों में क्रिसमस को लेकर विशेष आयोजन किए गए। प्रमुख रूप से विश्वागढ़ चर्च, रामभाठा स्थित संत माईकल चर्च, बोईरदादर स्थित संत जेबियर चर्च, उर्दना स्थित संत मोनिका चर्च तथा छातामुड़ा स्थित संत टेरेसा चर्च में भव्य आयोजन हुआ।

इन सभी गिरजाघरों में बुधवार शाम से ही कार्यक्रमों की शुरुआत हो गई थी, जिसमें बड़ी संख्या में मसीही समाज के महिला, पुरुष, युवा और बच्चे शामिल हुए। पूरे शहर में क्रिसमस पर्व को लेकर श्रद्धा, उल्लास और आपसी सौहार्द का माहौल देखने को मिला।

Related Post